जयपुर: भारतीय क्रिकेट के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली की उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए नाहरगढ़ फोर्ट स्थित प्रसिद्ध वैक्स म्यूजियम में उनकी मूर्ति ( wax statue of Virat Kohli ) स्थापित की जाएगी। यह फैसला विश्व कप क्रिकेट के सेमीफाइनल में भारत की शानदार जीत और विराट कोहली के वनडे क्रिकेट में 50 शतक पूरे करने के उपलक्ष्य में लिया गया है।
म्यूजियम के फाउंडर डायरेक्टर अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि पर्यटकों द्वारा विराट कोहली के वैक्स स्टैच्यू की मांग काफी समय से की जा रही थी। विराट की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को देखते हुए, म्यूजियम ने उनकी मूर्ति स्थापित करने का निर्णय लिया है।
विराट कोहली की मूर्ति का फर्स्ट लुक तैयार
विराट की मूर्ति का ‘फर्स्ट लुक’ यानी मिट्टी का मॉडल तैयार हो चुका है और अगले एक महीने में पूरी मूर्ति बनकर म्यूजियम में स्थापित हो जाएगी। इस मूर्ति में विराट के आक्रामक क्रिकेटर के रूप को दर्शाया जाएगा।
सचिन तेंदुलकर के साथ लगेगी विराट कोहली की मूर्ति

अनूप श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि विराट की मूर्ति को सचिन तेंदुलकर की मूर्ति के साथ लगाया जाएगा, जिन्हें विराट अपना आदर्श मानते हैं। इसके अलावा, वानखेड़े स्टेडियम का एक सेट भी म्यूजियम में लगाया गया है, जहाँ विराट की यह मूर्ति प्रदर्शित की जाएगी।
मूर्ति को मास्टर मूर्तिकार गणेश और लक्ष्मीनारायण की टीम द्वारा बनाया जा रहा है, जबकि विराट के वेशभूषा की डिजाइन बॉलीवुड के प्रसिद्ध डिजाइनर बोध सिंह द्वारा की जा रही है।
जयपुर वैक्स म्यूजियम में पहले से स्थापित है कई महान लोगों की मूर्तियां
जयपुर वैक्स म्यूजियम में पहले ही महेंद्र सिंह धोनी, स्वामी विवेकानंद जैसी महान विभूतियों की मूर्तियां स्थापित हैं, और यहाँ का शीशमहल व रॉयल दरबार भी दर्शनीय हैं। इस नए जुड़ाव से म्यूजियम का आकर्षण और भी बढ़ जाएगा।